देश

यूपी से पंजाब तक लू का कहर, पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है; बारिश का भी अलर्ट जारी

नई दिल्ली

अप्रैल महीने की शुरुआत जहां देश के बड़े हिस्से में बारिश के साथ हुई तो वहीं अब मौसम दोहरा रंग दिखा रहा है। पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है तो वहीं कम से कम 6 राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर के समय लोगों को बेवजह बाहर निकलने से बचना चाहिए। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम समेत 12 राज्यों में आंधी चलने और बारिश का अनुमान है। वहीं यूपी, पंजाब,हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लू चलने की प्रबल संभावना है। यूपी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूप रहेगी। हालांकि शाम तक मौसम करवट ले सकता है और तेज हवाएं चल सकती हैं। रविवार को भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, विशेषकर दक्षिणी क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिन के दौरान लू चलने का पूर्वानुमान है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब या उससे ऊपर जा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि पूरे राज्य में शुष्क मौसम बना हुआ है और लगातार पछुआ हवाएं चल रही हैं।

बुलेटिन में कहा गया, ''दिन के समय पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है।' शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 3.2 डिग्री अधिक है, जबकि राज्य का सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान बांदा में दर्ज किया गया।

ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप
ओडिशा में शनिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा और करीब 15 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक बोलांगीर जिले का टिटलागढ़ 42.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद झारसुगुड़ा में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार भवानीपटना में 42 डिग्री सेल्सियस, जबकि संबलपुर और नुआपड़ा में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। विभाग के अनुसार इसी प्रकार हीराकुड में 41.4 डिग्री सेल्सियस, बोलांगीर और तालचर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसमें सुपौल, अरररिया, किशनगंज और सिवान जिले शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button